आतंकवादी संस्थाओं के संरक्षक को 26/11 के अपराधियों के खिलाफ विश्वसनीय कार्रवाई करनी चाहिए: भारत

Updated: Sep 23 2023 11:29AM

संयुक्त राष्ट्र, 23 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवार उल हक काकड़ द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान कश्मीर का मुद्दा उठाए जाने के बाद भारत ने करारा जवाब देते हुए कहा कि दुनिया में सर्वाधिक संख्या में प्रतिबंधित आतंकवादी संस्थाओं को ‘‘पनाह और संरक्षण’’ मुहैया कराने वाले देश को ‘‘तकनीकी कुतर्क’’ करने के बजाय 26/11 मुंबई हमले के अपराधियों के खिलाफ विश्वसनीय कार्रवाई करनी चाहिए।.

काकड़ ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 78वें सत्र की आम बहस के दौरान कश्मीर का मामला उठाया था। इसके बाद, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की प्रथम सचिव पेटल गहलोत ने यूएनजीए में भारत के जवाब देने के अधिकार का इस्तेमाल करते हुए कहा, ‘‘पाकिस्तान ने दुनिया में सबसे अधिक संख्या में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिबंधित आतंकवादी संस्थाओं एवं आतंकवादियों को पनाह और संरक्षण मुहैया कराया है। हम पाकिस्तान से मांग करते हैं कि वह तकनीकी कुतर्क में शामिल होने के बजाय मुंबई में हुए उन आतंकवादी हमलों के अपराधियों के खिलाफ विश्वसनीय कार्रवाई करे, जिनके पीड़ित 15 साल बाद भी न्याय मिलने का इंतजार कर रहे हैं।’’.